क्रोहन रोग: लक्षण, कारण, उपचार के विकल्प और प्रकार
- 23 Apr, 2025
- Written by Team Dr Lal PathLabs
Medically Approved by Dr. Seema
Table of Contents

क्रोहन रोग (Crohn’s Disease) आंत से जुड़ी एक ऐसी बीमारी है जिसमें पाचन तंत्र की छोटी और बड़ी आंत समेत कई हिस्सों में सूजन आ जाती है। क्रोहन रोग को आम भाषा में आंत की सूजन कहा जाता है। पाचन तंत्र की आंतों में सूजन आने से कई अन्य जटिलताएं पैदा हो जाती है। आंत की सूजन को आईबीडी यानी सूजन आंत रोग (Inflammatory Bowel Disease) भी कहा जाता है। आपको बता दें कि आंत की सूजन रोग का कोई इलाज उपलब्ध नहीं है और कुछ खास तरीकों से केवल इसे मैनेज किया जा सकता है। चलिए जानते हैं कि क्रोहन रोग यानी आंत की सूजन क्या है, इसके कितने प्रकार हैं। साथ ही जानेंगे इसके कारण, लक्षण और मैनेजमेंट के बारे में सब कुछ।
क्या है क्रोहन रोग ?
क्रोहन रोग यानी आंत की सूजन ऐसी बीमारी है जिसमें पाचन तंत्र के अलग अलग ऊतकों खासकर छोटी आंत और बड़ी आंत के हिस्से यानी कोलन में सूजन आ जाती है और जलन होने लगती है। आंत में सूजन आने पर आंत की मोटाई पर भी असर पड़ता है। इस सूजन के कारण पेट में दर्द और दस्त लग जाते हैं और मरीज का वजन कम होने लगता है। ऐसे में मरीज कमजोर होकर कुपोषण का भी शिकार हो सकता है। आंत की सूजन अगर गंभीर हो जाए तो इससे सेहत संबंधी अन्य कई दिक्कतें पैदा होने का खतरा बढ़ जाता है।
आंत की सूजन कितने प्रकार की होती है?
आंत की सूजन पाचन तंत्र पर पड़ने वाले प्रभाव के आधार पर अलग अलग प्रकारों में पहचानी जाती है। आंत की सूजन के पांच प्रकार होते हैं, जो इस प्रकार हैं –
- गैस्ट्रोडुओडेनल (Gastroduodenal) आंत की सूजन का ये प्रकार पेट के साथ साथ छोटी आंत के पहले भाग पर असर डालता है जिसे डुओडेनम कहा जाता है।
- इलाइटिस (Ileitis) आंत की सूजन का ये प्रकार छोटी आंत के आखिरी भाग यानी इलियम को प्रभावित करता है।
- कोलाइटिस (Colitis) आंत की सूजन का ये प्रकार बड़ी आंत के एक बड़े हिस्से यानी कोलन को प्रभावित करता है।
- इलियोकोलाइटिस (Ileocolitis) आंत की सूजन का ये प्रकार छोटी आंत के आखिरी भाग और कोलन को प्रभावित करता है। कहा जाता है कि आंत की सूजन का सबसे आम प्रकार है।
- जेजुनोइलाइटिस (Jejunoileitis)आंत में सूजन का ये प्रकार छोटी आंत जेजुनम को प्रभावित करता है।
कई मामलों में क्रोहन रोग पाचन तंत्र के अन्य हिस्सों पर भी असर डाल सकता है। इन हिस्सों में अमाशय या छोटी आंत के ऊपरी हिस्से शामिल हैं।
आंत की सूजन का क्या कारण है?
फिलहाल आंत की सूजन का अभी कोई सटीक कारण ज्ञात नहीं हो पाया है। हालांकि वैज्ञानिकों का मानना है कि आंत की सूजन शरीर में ऑटो इम्यून रिएक्शन के कारण हो सकती है। इस स्थिति में शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली यानी इम्यून सिस्टम ही शरीर के अंगों पर हमला करना शुरू कर देता है। इस बीमारी के कुछ संभावित कारण इस प्रकार हैं –
- आनुवांशिक (Genetics)
- बैक्टीरियल या वायरल इंफेक्शन (Bacterial or viral infection)
- स्मोकिंग (Smoking)
- कुछ खास दवाओं जैसे गर्भनिरोधक दवाओं, स्टेरॉइड दवाओं और सूजन या दर्द कम करने वाली दवाओं का लंबे समय तक सेवन (Use of certain medicines)
आंत की सूजन के क्या लक्षण हैं?
आंत की सूजन के लक्षण इस प्रकार हैं –
- पेट में दर्द
- पेट में ऐंठन होना
- लगातार दस्त लगना
- थकान हावी होना
- शरीर में खून की कमी हो जाना (एनीमिया)
- कमजोरी महसूस होना
- बुखार आना
- भूख कम हो जाना
- वजन में कमी आना
- गुदा द्वार से खून बहना
- मल में खून आना
- मुंह में बार बार छाले होना
- लिवर की दिक्कत
- आंख और त्वचा संबंधी परेशानियां
- आंतों में रुकावट आना
- फिस्टुला की दिक्कत
- गुदा विकार
आंत की सूजन को कैसे मैनेज किया जाता है?
आंत की सूजन का कोई सटीक इलाज उपलब्ध नहीं है। कुछ खास उपाय करके इसके लक्षणों को कम करने इसका मैनेजमेंट किया जा सकता है। इसके मैनेजमेंट में ये तरीके शामिल हैं –
- NSAIDs का सेवन करने से बचें – नॉन स्टेरॉइड और सूजन व दर्द कम करने वाली दवाओं के सेवन से बचना चाहिए। इनके सेवन से सूजन की स्थिति और बिगड़ सकती है।
- धूम्रपान को न कहें – धूम्रपान करते हैं तो इसे पूरी तरह रोक दें। अगर जारी रखते हैं तो स्थिति खराब हो सकती है।
- स्ट्रेस कंट्रोल करें – अतिरिक्त आराम करके तनाव को नियंत्रित करने की कोशिश करें।
- नियमित रूप से एक्सरासइज करें। इससे शरीर और दिमाग को काफी लाभ होते हैं।
- हाई फाइबर की डाइट न लें – ज्यादा फाइबर वाले फूड, डेयरी उत्पाद, हाई शुगर फूड, हाई फैट युक्त फूड और मसालेदार डाइट लेने से बचें।
- प्रीबायोटिक्स और बायोटिक्स पोषक तत्वों का इनटेक बढ़ाएं।
- ओमेगा 3 को अपनी डाइट में शामिल करें।
- पर्याप्त पानी पीते रहें और हाइड्रेट रहें।
- दिन में कई बार छोटी छोटी डाइट लेते रहें।
देखा जाए तो क्रोहन रोग यानी आंत की सूजन का रोग पाचन तंत्र की आंत के सूजने के कारण होता है लेकिन ये कई अन्य सेहत संबंधी दिक्कतों का कारण बन जाता है। हालांकि इसका कोई स्थाई और सटीक इलाज नहीं है लेकिन इसके सूजनरोधी और स्टेरॉइड दवाओं के सेवन से बचने, स्मोकिंग छोड़ने और डाइट में हेल्दी बदलाव करके इसे मैनेज किया जा सकता है। अगर किसी व्यक्ति में आंत की सूजन की बीमारी के लक्षण दिख रहे हैं तो हेल्थ केयर प्रोफेशनल की सलाह लेनी चाहिए। आंत की सूजन की जांच जैसे ब्लड टेस्ट, स्टूल टेस्ट, एंडोस्कोपी, इमेजिंग टेस्ट और कोलोनोस्कोपी के लिए डॉ. लाल पैथलैब्स में टेस्ट बुक करवाएं।
FAQ
आंत की सूजन के पांच लक्षण क्या हैं? What are 5 symptoms of Crohn’s disease?
आंत की सूजन के लक्षणों में पेट में दर्द, दस्त, मल में खून आना, मुंह में छाले और भूख न लगना शामिल है।
आंत की सूजन का क्या कारण है? What is the main cause of Crohn’s disease?
आंत की सूजन का सटीक कारण अभी पता नहीं है।हालांकि इसकी संभावित वजहों में जेनेटिक्स, स्मोकिंग और कुछ खास दवाओं को गिना जाता है।








